Rajasthan: मोबाइल पर गेम खेलते समय 10 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

post 206

Rajasthan: मोबाइल पर गेम खेलते समय 10 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

Rajasthan News: अगर आपका बच्चा भी जरूरत से ज्यादा मोबाइल फोन इस्तेमाल करता है, तो यह खबर आपके लिए चेतावनी है। बच्चों को मोबाइल देने से पहले सतर्कता बेहद जरूरी है। राजस्थान के भरतपुर जिले में 10 साल के एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्चे का शव कमरे में मिला, जहां उसके गले में कपड़ा फंदे की तरह लिपटा हुआ था। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।

यह मामला भरतपुर जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के जिरौली गांव का है, जहां गुरुवार रात करीब 10 बजे यह दर्दनाक घटना हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

कमरे में अकेले मोबाइल पर गेम खेल रहा था शिवा:-

परिजनों के अनुसार, मृतक बच्चा शिवा रात करीब 10 बजे अपने कमरे में अकेले मोबाइल फोन पर गेम खेल रहा था। उसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य घर के बरामदे में मौजूद थे। कुछ देर बाद जब शिवा को आवाज दी गई और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसके पिता कमरे में पहुंचे।

बिस्तर पर अचेत मिला बच्चा, गले में कसा था कपड़ा:-

कमरे में पहुंचते ही पिता के होश उड़ गए। शिवा बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा था और उसके गले में कपड़ा फंदे की तरह कसा हुआ मिला। परिजन तत्काल बच्चे को लेकर भरतपुर के आरबीएम अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा:-

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।

परिजनों का दावा: बच्चा पूरी तरह सामान्य था

परिवार के रिश्तेदार और नगर निगम पार्षद श्याम सुंदर गौड़ ने बताया कि घटना से पहले शिवा पूरी तरह सामान्य और खुश था। किसी तरह के तनाव या परेशानी के संकेत नहीं थे। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि बच्चा दिन में कई बार मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था, हालांकि परिजन उसे लेकर सतर्क रहते थे।

घटना के समय न तो कमरे से कोई आवाज आई और न ही किसी बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी की जानकारी मिली। मोबाइल पर खेलते समय कपड़ा गले में कैसे फंदे की तरह लिपट गया, यह सवाल बना हुआ है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।