Rajasthan Bus Strike: राजस्थान में कल निजी बसों की हड़ताल, चक्का जाम से यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें; जानें क्या है मांगें

post 202

Rajasthan Bus Strike: राजस्थान में कल निजी बसों की हड़ताल, चक्का जाम से यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें; जानें क्या है मांगें

जयपुर। राजस्थान में निजी बस ऑपरेटर्स के विभिन्न संगठनों ने 24 जनवरी को एक दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। बस संगठनों के समर्थन से प्रस्तावित इस चक्का जाम का सीधा असर यात्रियों पर पड़ सकता है, खासकर उन मार्गों पर जहां राजस्थान रोडवेज की बस सेवाएं सीमित हैं।

बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यनारायण साहू ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा केंद्र सरकार की नीतियों के विपरीत कार्रवाई की जा रही है, जिससे निजी बस संचालकों में रोष है। इसी के विरोध में शनिवार को प्रदेशभर में बस ऑपरेटर्स चक्का जाम कर प्रदर्शन करेंगे।

समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल:-

ऑल राजस्थान कॉन्ट्रेक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मदन यादव ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से 24 जनवरी की हड़ताल का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है। यदि समय रहते मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश के सभी बस संगठनों के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा।

बस ऑपरेटरों ने लगाया ये आरोप:-

बस ऑपरेटरों का आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा 1 सितंबर 2025 से लागू किए गए नए नियमों का आरटीओ स्तर पर गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है। नियमों की आड़ में की जा रही कार्रवाई से निजी बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है।

बस ऑपरेटरों की प्रमुख मांगें:-

  • ग्रामीण बसों पर लगे कैरियर हटाने का आदेश नियमों के विपरीत
  • एमपी और यूपी की तर्ज पर एआईटीपी परमिट बसों के लिए राजस्थान में भी समान टैक्स व्यवस्था लागू की जाए
  • फायर अलार्म सिस्टम बस के चेसिस निर्माणकर्ता द्वारा लगाया जाए

नवंबर में भी हो चुकी है हड़ताल:-

गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर माह में भी निजी बस संचालकों ने हड़ताल की थी। जैसलमेर और मनोहरपुर में हुए सड़क हादसों के बाद परिवहन विभाग की कार्रवाई के विरोध में यह आंदोलन शुरू हुआ था, जिसे चार दिन बाद बिना शर्त समाप्त कर दिया गया था।