RSSB New Rules: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड का बड़ा फैसला, भर्ती परीक्षाओं की OMR शीट के लिए लागू की नई व्यवस्था
RSSB New Rules: राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं की OMR शीट को लेकर चल रहे विवाद के बीच राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए बोर्ड ने अब OMR शीट को ऑनलाइन अपलोड करने का निर्णय लिया है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि इस नई व्यवस्था की शुरुआत चपरासी भर्ती परीक्षा से की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य परीक्षाओं में भी OMR शीट ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अभ्यर्थी स्वयं अपनी उत्तर शीट देख सकें।
OMR में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद फैसला:-
गौरतलब है कि हाल के दिनों में OMR शीट में धांधली को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं। आरोप लगे थे कि चयन बोर्ड के कुछ अधिकारियों और एक निजी फर्म के कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों से पैसे लेकर OMR शीट में अंक बढ़ाए।
शिकायतों पर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड गंभीर:-
OMR शीट घोटाले से जुड़े मामलों के बाद अभ्यर्थियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चयन बोर्ड ने चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए यह अहम फैसला किया है।


