राजस्थान को जल्द मिल सकती है पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, जानें संभावित रूट और यात्रा विवरण
राजस्थान को जल्द मिल सकती है पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, जानें संभावित रूट और यात्रा विवरण
जयपुर। राजस्थान में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का इंतजार कर रहे रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। माना जा रहा है कि प्रदेश को जल्द ही पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिल सकती है।
दरअसल, उत्तर-पश्चिम रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन को लेकर प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। प्रस्ताव के अनुसार यह ट्रेन दिल्ली से अहमदाबाद के बीच जयपुर होते हुए चल सकती है। इससे राजस्थान के यात्रियों को दिल्ली और अहमदाबाद के लिए तेज़ और बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, दिल्ली-अहमदाबाद रूट पर प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के जयपुर, अजमेर और आबू रोड जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव की संभावना है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद जयपुर को दोहरा लाभ मिलेगा। एक ओर दिल्ली और दूसरी ओर अहमदाबाद की यात्रा अधिक सुविधाजनक और कम समय में पूरी हो सकेगी।
कब शुरू हो सकती है ट्रेन?
सूत्रों का कहना है कि रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। ऐसे में यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो मार्च तक राजस्थान में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन की शुरुआत हो सकती है।
इन स्टेशनों पर हो सकता है ठहराव:-
प्रस्तावित रूट के तहत यह ट्रेन राजस्थान के प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। जयपुर, अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर ठहराव से यात्रियों के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
रेल यात्रियों को मिलेगा बेहतर विकल्प:-
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लंबी दूरी की रात्री यात्राओं के लिए एक आरामदायक और आधुनिक विकल्प होगी। ट्रेन के आधुनिक कोच, बेहतर स्लीपिंग अरेंजमेंट और उन्नत सुविधाएं यात्रियों को प्रीमियम अनुभव देंगी।