Accident: कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा, बस-ट्रक समेत चार वाहनों की भिड़ंत, 10 लोग घायल

post 181

Accident: कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा, बस-ट्रक समेत चार वाहनों की भिड़ंत, 10 लोग घायल

Accident News: फतेहपुर, बुधवार सुबह घने कोहरे के चलते हरसावा गांव के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 7:30 बजे जयपुर की ओर जा रही लोक परिवहन बस ओवरटेक के दौरान सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।

टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक जीप भी बस से भिड़ गई, वहीं एक अन्य ट्रक ने पहले वाले ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस तरह मौके पर चार वाहन आपस में टकरा गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में कुल 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें से पांच घायलों को फतेहपुर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई की हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं ट्रक चालक जगदीश (30) को गंभीर चोटें आने पर उसे सीकर के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, घना कोहरा हादसे की मुख्य वजह रहा। दृश्यता बेहद कम होने के कारण चालक सामने से आ रहे वाहनों को समय पर नहीं देख पाए। सूचना मिलते ही फतेहपुर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने बताया कि वाहन धीमी गति से चल रहे थे, इसी कारण बड़ा जानमाल का नुकसान होने से बच गया। घायलों में महिपाल, सुरेंद्र सिंह और आसिफ सहित अन्य लोग शामिल हैं।

हादसे के बाद भी क्षेत्र में कोहरे का असर बना रहा। शेखावाटी और एनसीआर क्षेत्र में कई जगह विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। 22 और 23 जनवरी को कुछ जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

You may have missed