IMD Warning: राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 50KMPH की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी
IMD Warning: राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 50KMPH की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और तापमान में उतार-चढ़ाव को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से प्रदेश में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 26 जनवरी तक बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार तेज हवाएं चल सकती हैं।
IMD येलो अलर्ट जारी:-
IMD ने 22 जनवरी को बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन, वज्रपात और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं 23 जनवरी को अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के साथ मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा:-
मंगलवार को प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। जयपुर में सुबह ठंडी हवाओं के कारण गलन महसूस की गई, हालांकि दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत मिली। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 24 और 25 जनवरी को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छाने की संभावना है।
इसके बाद 26 से 28 जनवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सबसे पहले बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का अलर्ट:-
IMD ने 22, 23 और 26 जनवरी को जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुल 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट लागू रहेगा।
Weather Forecast: अगले 6 दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 21 जनवरी: मौसम शुष्क रहेगा
- 22 जनवरी: जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में हल्की बारिश व वज्रपात की संभावना
- 23 जनवरी: जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में बारिश का अलर्ट
- 24 जनवरी: मौसम शुष्क
- 25 जनवरी: मौसम शुष्क
- 26 जनवरी: जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में फिर बारिश और मेघगर्जन की संभावना