राजस्थान: क्रेडिट कार्ड बिल से परेशान युवक बना चोर, क्राइम शो देखकर ज्वेलरी शोरूम से 4 किलो चांदी की चोरी

राजस्थान: क्रेडिट कार्ड बिल से परेशान युवक बना चोर, क्राइम शो देखकर ज्वेलरी शोरूम से 4 किलो चांदी की चोरी
राजस्थान: जयपुर में पुलिस ने एक शातिर चोर विकास को गिरफ्तार किया है, जिसने ज्वैलरी शोरूम में चोरी करने के लिए वेब सीरीज़ और क्राइम शो से चोरी करने के तरीके सीखे थे। आरोपी विकास कोटपूतली बहरोड़ का रहने वाला है और जयपुर के भाकरोटा इलाके में रहता है।
पुलिस के अनुसार, यह चोरी 01 जनवरी की रात करीब ढाई बजे नारायण विहार इलाके में हुई थी। चोर ने इस दौरान 4 किलो चांदी चोरी की थी।
जानकारी के मुताबिक, विकास ने बी फ़ार्मा की पढ़ाई की है और पहले चाइल्ड लाइन एनजीओ में भी काम कर चुका है। उस पर क्रेडिट कार्ड का 1 लाख रुपये का कर्ज था, जिसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई।
आरोपी ने चोरी से एक दिन पहले शोरूम और इलाके की रेकी की थी। चोरी के लिए उसने शोरूम की दीवार में सेंध लगाई, मुंह पर मास्क लगाया और अपनी बाइक 3 किलोमीटर दूर खड़ी करके पैदल वारदात स्थल पर पहुंचा।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के तरीके वेब सीरीज़ और क्राइम शो देखकर सीखे। पुलिस टीम के राजेश, राजवीर, चेनाराम और साइबर टीम के लोकेश की सूझबूझ से आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।