Cyber Crime: ईडी–सीबीआई अधिकारी बनकर ठगों ने बुजुर्ग महिला से 1.25 करोड़ ठगे

post 822

Cyber Crime: ईडी–सीबीआई अधिकारी बनकर ठगों ने बुजुर्ग महिला से 1.25 करोड़ ठगे

राजस्थान के अलवर में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को 7 दिन तक डिजिटल डर और धमकी में रखकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने खुद को ईडी और सीबीआई के अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी दी।

अलवर शहर की पॉश कॉलोनी स्कीम नंबर एक, आर्य नगर, मकान नंबर 149 में रहने वाली रीटा कटारिया ने साइबर थाना पुलिस को शिकायत में बताया कि 15 दिसंबर को दोपहर 3 बजे उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पब्लिक रिलेशन ऑफिसर संदीप शर्मा बताया और कहा कि उनके नाम से रजिस्टर्ड एक सिम से धमकी भरे कॉल किए जा रहे हैं।

ठगों ने महिला से करीब 2 घंटे 40 मिनट तक मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर बातचीत की और गिरफ्तारी की धमकी दी। इसके बाद सीबीआई और अन्य फर्जी अधिकारियों से वीडियो कॉल कराई गई, जिन्होंने पुलिस की यूनिफॉर्म पहन रखी थी। 16, 17 और 18 दिसंबर को लगातार कॉल और वीडियो कॉल से महिला को डराया गया और पड़ोसियों या किसी अन्य से बात करने से मना किया गया।

भय के माहौल में महिला से दो अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। एक खाते में 86 लाख 35 हजार रुपये और दूसरे खाते में करीब 38 लाख रुपये डाले गए।

रीटा ने बताया कि वह घर में अकेली रहती हैं, उनके पति का निधन हो चुका है और उनकी दो बेटियां दिल्ली में रहती हैं। 21 दिसंबर को उन्होंने अपना फोन बंद किया और परिवार को पूरी बात बताई। 22 दिसंबर को महिला अपने परिवार के साथ साइबर थाना पहुंचीं और शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला कि 38 लाख रुपये पूरी तरह होल्ड कर लिए गए हैं, जबकि 86 लाख में से 12 लाख रुपये होल्ड किए जा चुके हैं। घटना के बाद महिला और उनका परिवार सदमे में है।