राजस्थान में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर, बीकानेर और भिवाड़ी में एक्यूआई 300 के पार, सेहत पर बढ़ा खतरा
राजस्थान में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर, बीकानेर और भिवाड़ी में एक्यूआई 300 के पार, सेहत पर बढ़ा खतरा
राजस्थान की हवा एक बार फिर लगातार खराब होती जा रही है। प्रदेश के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 के पार पहुंच चुका है। पिछले कुछ दिनों में वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार जरूर देखा गया था, लेकिन अब दोबारा प्रदूषण बढ़ने लगा है। भिवाड़ी में AQI 346 दर्ज किया गया, जबकि भिवाड़ी के वसुंधरा नगर स्टेशन पर यह 364 तक पहुंच गया। बीकानेर में भी AQI 302 दर्ज किया गया, जो बेहद चिंताजनक स्थिति मानी जा रही है।
जयपुर की हवा भी जहरीली:-
राजधानी जयपुर में औसतन AQI 247 दर्ज किया गया है। मानसरोवर और सीतापुर इंडस्ट्रियल एरिया में प्रदूषण का स्तर 299 तक पहुंच गया। वहीं टोंक में 289, सीकर में 257, झुंझुनूं में 208, चूरू में 224 और नागौर में AQI 229 रिकॉर्ड किया गया है।
धुंध के कारण बढ़ रहा प्रदूषण:-
लगातार बादल छाए रहने और धुंध के कारण वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर समेत शेखावाटी क्षेत्र में बारिश की संभावना है। बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल कई जिलों की हवा जहरीली बनी हुई है।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा:-
खराब हवा का असर सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे हालात में सुबह की सैर से बचें। घर से बाहर निकलते समय मास्क या कपड़े से मुंह ढककर ही बाहर निकलें।