Road Accident: देर रात भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार 2 युवकों की दर्दनाक मौत, इलाके में पसरा मातम

post 158

Road Accident: देर रात भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार 2 युवकों की दर्दनाक मौत, इलाके में पसरा मातम

Road Accident: पाली में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भाद्राजून थाना क्षेत्र के कुलथाना के पास जालोर–जोधपुर हाईवे पर खड़े एक बिना लाइट वाले ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अशोक (19) पुत्र शायर राम मेघवाल, निवासी राणा और श्रवण (22) पुत्र जोगा राम मेघवाल, निवासी भांवरी (पाली) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक देर रात बाइक से अमरतिया मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क पर खड़े ट्रक से बाइक जा भिड़ी।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग:-

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बिना लाइट और संकेतक के सड़क पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस लापरवाही ने दो परिवारों के घरों के चिराग बुझा दिए।

मृतक अशोक की तय हो चुकी थी शादी:-

साउंड सिस्टम का काम करने वाले मृतक अशोक (22 वर्ष) के दो भाई और तीन बहनें हैं। पिता खेती करते हैं। वह भजन गायक भी था। उसकी शादी तय हो चुकी थी।

श्रवण के पिता करते हैं खेती:-

मृतक श्रवण (26 वर्ष) की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। श्रवण के पिता भी खेती करते हैं। श्रवण के दो भाई और एक बहन हैं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

You may have missed