Jaipur: घर के बाहर बैठे युवक पर हिस्ट्रीशीटर ने चलाई गोली, शादी समारोह की तैयारियों के बीच फायरिंग से मचा हड़कंप
जयपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में गंगापुर गेट के पास फायरिंग की घटना सामने आई है। हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा ने आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर गोली चला दी। इस दौरान घर के बाहर बैठे राधा दामोदर के पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद से आरोपी रवि मेहरा फरार है।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय रवि मेहरा का असली निशाना राधा दामोदर का भाई था, जो घर में मौजूद नहीं था। तभी दोनों के बीच विवाद बढ़ा और फायरिंग की घटना हुई। आरोपी पर आर्म्स एक्ट, मारपीट और फायरिंग के दर्जनों मामले पहले से दर्ज हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोग भड़क उठे और ब्रह्मपुरी थाने के बाहर नारेबाजी और घेराव किया। थाना प्रभारी राजेश गौतम ने लोगों को शांत कर मामले को नियंत्रित किया। पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। परिवार के लिए यह घटना बेहद तनावपूर्ण है, खासकर जब उनके रिश्तेदार की शादी की तैयारियां चल रही हैं।


