Trichy Gang Busted: राजस्थान समेत 5 राज्यों में कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

post 140

Trichy Gang Busted: राजस्थान समेत 5 राज्यों में कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

जयपुर/रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कारों के शीशे तोड़कर चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने तमिलनाडु से संचालित ‘त्रिची (रामजी नगर) गिरोह’ के छह सदस्यों को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देश के कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में की गई। रायपुर में दर्ज मामलों के महज 96 घंटे के भीतर पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी:-

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रंगन ए. (56), किट्टू (55), ए. विनोद कुमार (43), बाला मुरुगन (43), कुमरेशन डी. (60) और भास्कर (55) शामिल हैं। सभी आरोपी तमिलनाडु के तिरुच्चिरापल्ली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

कई राज्यों में फैला नेटवर्क:-

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान और दिल्ली सहित अन्य राज्यों में भी कारों के शीशे तोड़कर चोरी और उठाईगिरी की अनेक वारदातों को अंजाम दे चुका है।

गिरोह से जुड़े कुछ आरोपी अभी फरार:-

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, दो सोने के सिक्के, दो मोबाइल फोन और 25 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। थाना गंज एवं देवेंद्र नगर में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय किया जा रहा है।