Rajasthan Weather: राजस्थान के इन जिलों में 22, 23 और 24 जनवरी को मावठ की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया नया अलर्ट
Rajasthan Weather: राजस्थान के इन जिलों में 22, 23 और 24 जनवरी को मावठ की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया नया अलर्ट
Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में रात के न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को शीतलहर से राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने एक बार फिर बदलाव के संकेत दिए हैं। नई भविष्यवाणी के अनुसार 22 जनवरी से राजस्थान में एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके चलते प्रदेश के आधे से अधिक हिस्सों में मावठ की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र के अनुसार 22 से 24 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के साथ-साथ जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार राजस्थान के करीब 22 जिलों में मावठ होने की प्रबल संभावना है।
राजस्थान में बर्फीली हवा का दौर कमजोर, तापमान में बढ़ोतरी:-
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में बर्फीली हवाओं का प्रभाव कमजोर पड़ा है, जिससे दिन और रात दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे सुबह और शाम की तेज सर्दी से लोगों को कुछ राहत मिली है। प्रदेश के 22 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान करौली में 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
22 जनवरी से मावठ का दौर:-
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 22 से 24 जनवरी के बीच सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के कई इलाकों में बारिश (मावठ) का कारण बनेगा।