बाइक पर जा रहे 5 साल के बच्चे की चायनीज मांझे से कटी श्वास नली, दर्दनाक मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बाइक पर जा रहे 5 साल के बच्चे की चायनीज मांझे से कटी श्वास नली, दर्दनाक मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Rajasthan News: कोटा, मकर संक्रांति के दिन चाइनीज मांझे की चपेट में आए पांच वर्षीय मासूम की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। लाडपुरा निवासी धीर बुधवार रात इस हादसे का शिकार हुआ था। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रातभर चले उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
रात में हुआ हादसा:-
बुधवार रात धीर अपने माता-पिता के साथ बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया। मांझे से बच्चे की श्वासनली और पास की रक्त नली कट गई, जिससे भारी रक्तस्राव हुआ। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए।
एमबीएस में चला लंबा ऑपरेशन:-
सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज देवेंदा के अनुसार बच्चे की गर्दन गहराई तक जख्मी थी और उसे सांस लेने में गंभीर दिक्कत हो रही थी। सर्जरी और ईएनटी विभाग की संयुक्त टीम ने करीब डेढ़ से दो घंटे तक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद बच्चे को आईसीयू में भर्ती रखा गया।
शॉक सिंड्रोम बना मौत की वजह:-
चिकित्सकों ने बताया कि इलाज के दौरान बच्चा शॉक सिंड्रोम में चला गया। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते उसकी हालत बिगड़ती चली गई और गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
वकील समेत कई लोग घायल:-
चाइनीज मांझे से घायल होने का एक अन्य गंभीर मामला भी सामने आया। अदालत से लौट रहे वकील प्रशांत चौहान के गले में चाइनीज मांझा फंस गया, जिससे नसें कट गईं। बजरंग नगर निवासी राजीव सुमन और उनके साथियों ने उन्हें तत्काल तलवंडी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर अनुराग चित्तौड़ा ने सर्जरी की। प्रशांत के गले में 14 टांके लगाए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज नहीं मिलता तो उनकी जान खतरे में पड़ सकती थी।
निजी अस्पतालों में भी पहुंचे घायल:-
बोरखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में चाइनीज मांझे से घायल होने के पांच मामले सामने आए। अस्पताल निदेशक संजय धाकड़ के अनुसार झुंझुनूं निवासी मोनिका छाजेड, जो दीगोद में पटवारी हैं, बाइक से बोरखेड़ा फ्लाईओवर से गुजर रही थीं। इसी दौरान सामने आए चाइनीज मांझे से उनकी अंगुली कट गई। इसके अलावा अन्य मामलों में किसी के हाथ तो किसी की ठोड़ी में चोट आई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।