ब्राह्मण समाज की बैठक में शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प

खाजूवाला, ब्राह्मण समाज सेवा समिति खाजूवाला की अहम बैठक ब्राह्मण धर्मशाला में देवकिशन सारस्वत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर समाज की भूमिका, सामाजिक सौहार्द और मतदान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में समाज अध्यक्ष राजेंद्र जाजड़ा, पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट पुरुषोत्तम सारस्वत, ओम राजपुरोहित, मनीराम गौड़, प्रह्लाद तिवाड़ी, पवन पारीक, सुशील सारस्वा, बाबूभाई सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे। इस दौरान उपस्थित समाजजनों को नगरपालिका चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाई गई।
समाजजनों ने चुनाव के दौरान सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शालीनता के साथ अपने क्षेत्र के प्रतिनिधि का चयन करने का संकल्प लिया। बैठक में युवाओं से चुनाव के दौरान अनर्गल टीका-टिप्पणी करने से बचने तथा सोशल मीडिया एवं अन्य प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की गई। साथ ही चुनाव परिणामों अथवा राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अनावश्यक रूप से उत्साहित या विवादित स्थिति उत्पन्न नहीं करने का संदेश दिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि इस बार नगरपालिका चुनाव में 13 सीटें सामान्य वर्ग के लिए अनारक्षित हैं। समाज की ओर से मांग रखी गई कि दोनों प्रमुख राष्ट्रीय राजनीतिक दल सामान्य वर्ग को अधिकतम टिकट दें।
बैठक में पूनमचंद ओझा, रविंद्र अत्री, कन्हैयालाल पारीक, जयकिशन पारीक, गणेश राजपुरोहित, मनीष ओझा, राहुल भादाणी, कुंदन तावणिया, भादर राजपुरोहित, विशाल पारीक, ख्यालीराम कायल सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।