पूगल में ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई, 352 परिवेदनाएं पहुंचीं, निकाली तिरंगा यात्रा

100423650

विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश, कई मामलों का मौके पर समाधान

पूगल। Rkhabar

पंचायत समिति पूगल के सभागार में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई आयोजित हुई। जनसुनवाई में खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल भी मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से ग्रामीण अपनी समस्याएं और परिवेदनाएं लेकर पहुंचे। जनसुनवाई में कुल 352 परिवेदनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से कई मामलों का संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया।


जनसुनवाई से पूर्व विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने तिरंगा यात्रा में भी भाग लिया। तिरंगा यात्रा उपखंड कार्यालय पूगल से शुरू होकर पंचायत समिति कार्यालय तक पहुंची। यात्रा में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और आमजन शामिल हुए। पंचायत समिति परिसर पहुंचने पर विधायक का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया तथा जनप्रतिनिधियों ने साफा एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया।


जनसुनवाई के दौरान विधायक ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए तथा शेष मामलों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।


जनसुनवाई में उपखंड अधिकारी दिव्या बिश्नोई, विकास अधिकारी पूगल विनेश कुमार, तहसीलदार पूगल दौलाराम बाजिया, सीबीईओ मुकेश भारती, सीडीपीओ नौरंग मेघवाल, कृषि अधिकारी तीर्थ सिंह सोढ़ा, आईजीएनपी एक्सईएन दीपकर शर्मा, आईजीएनपी प्रथम स्टेज एक्सईएन अनिल कैथल, विद्युत विभाग एक्सईएन विकास गुप्ता, आरडीएस योजना एक्सईएन अजय टूटवाल, पीएचईडी एईएन मुकेश पुरी, पीडब्ल्यूडी एईएन राकेश आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सरपंच पूगल सिद्धार्थ सिंह भाटी, भाजपा मंडल अध्यक्ष डूंगर राम सेन, देवीलाल मेघवाल, सवाई सिंह तंवर, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजाराम साहू, पूर्व मंडी चेयरमैन इस्माइल खान, राकेश सारण, सरपंच गंगाजली यूनुस खान, सरपंच थारूसर हाकम खान, सरपंच सम्मेवाला करीम खान, सरपंच डडी मोहम्मद अली, सरपंच सियासर चौगान खलील खान, सरपंच डेलीतलाई मुकन सिंह, सरपंच करणीसर गुलशेर, सतपाल गोदारा, सरपंच भुट्टों का कुआं गोपीराम नायक, सरपंच भानीपुरा ईशरराम मेघवाल, सरपंच कुम्भारवाला शब्बीर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की दैनिक समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसुनवाई आयोजित कर लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने आमजन से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक तथा उपस्थित आमजन का आभार व्यक्त किया।

You may have missed