अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर खाजूवाला पर बड़ी कार्रवाई : ड्रोन से भेजी गई 10 किलो हेरोइन, 11 पिस्टल और कारतूस जब्त, एक गिरफ्तार। पढ़े पूरी खबर…

50 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद, आईजी बोले- टीम को मिलेगा गैलेंट्री अवॉर्ड और डीजीपी डिस्क
खाजूवाला | Rkhabar
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र में पुलिस ने ड्रोन के जरिए हो रही अंतरराष्ट्रीय तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 करोड़ रुपये कीमत की 10 किलो हेरोइन, 11 अवैध विदेशी पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और एक ड्रोन बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने मौके से जोधपुर निवासी विरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर ड्रोन से गिराई गई खेप लेने पहुंचा था।
इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी जा रही नशे और हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता है।
खुफिया सूचना पर की गई कार्रवाई
एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में खाजूवाला पुलिस ने पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। पुलिस टीम ने निर्धारित स्थान पर दबिश देकर ड्रोन डंपिंग के जरिए भेजी गई खेप को बरामद कर लिया। इसी दौरान खेप लेने पहुंचे आरोपी विरेंद्र सिंह को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में हेरोइन और हथियार गिराए गए थे, जिन्हें आगे देश के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और इस मॉड्यूल के तार किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं।
50 करोड़ की हेरोइन, 11 अवैध हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद 10 किलो हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 11 अवैध विदेशी पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस और ड्रोन भी जब्त किया गया है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर एफएसएल और अन्य एजेंसियों की मदद से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
साइबर सेल और पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में साइबर सेल और खाजूवाला पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से एएसआई दीपक यादव और श्रीराम के इनपुट और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस को यह सफलता मिली। अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई, जिससे तस्करों को भनक तक नहीं लग सकी।
टीम को मिलेगा गैलेंट्री अवॉर्ड और डीजीपी डिस्क
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस उल्लेखनीय कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और जवानों को गैलेंट्री अवॉर्ड तथा डीजीपी डिस्क से सम्मानित करने की अनुशंसा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशा और हथियार भेजने की कोशिशों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
जांच जारी, बड़े खुलासों की उम्मीद
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क, उसके स्थानीय सहयोगियों और पाकिस्तान में बैठे संचालकों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।