बीकानेर के युवक ने फर्जी पते से बनवाया पासपोर्ट, 6 आपराधिक मुकदमे छिपाकर किया था आवेदन

100415796 (1)

बीकानेर | Rkhabar

बीकानेर के एक युवक द्वारा फर्जी पता और दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। युवक ने सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ का फर्जी निवास पता दिखाकर पासपोर्ट हासिल कर लिया, जबकि उसके खिलाफ बीकानेर के विभिन्न पुलिस थानों में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले का खुलासा होने के बाद सीकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बंगला नगर निवासी मूलचंद जाट उर्फ मूलाराम, जो मूल रूप से नोखा क्षेत्र के झाड़ेली गांव का रहने वाला है, के खिलाफ जानलेवा हमले सहित छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक रिकॉर्ड के कारण उसका पासपोर्ट बीकानेर से जारी नहीं हो पा रहा था। ऐसे में उसने एक परिचित की मदद से सीकर के एक एजेंट से संपर्क किया और फर्जी दस्तावेज तैयार कराए।

बताया जा रहा है कि पासपोर्ट आवेदन में आरोपी ने अपना और पिता का नाम सही दर्ज कराया, लेकिन निवास स्थान सीकर के लक्ष्मणगढ़ का दर्शाया। साथ ही आवेदन में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी भी छिपाई गई। इसी आधार पर वर्ष 2023 में सीकर पासपोर्ट कार्यालय से उसका पासपोर्ट जारी हो गया।

करीब तीन वर्ष बाद इस फर्जीवाड़े की जानकारी बीकानेर पुलिस को मिली। जांच के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फर्जी तरीके से प्राप्त पासपोर्ट जब्त कर लिया।

मुक्ताप्रसाद थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर मामला सीकर के लक्ष्मणगढ़ थाने को भेज दिया गया। इसके बाद सीकर पुलिस की टीम बीकानेर पहुंची और आरोपी को अपने साथ ले गई।

लक्ष्मणगढ़ थाने में मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक दिलीप कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा पासपोर्ट बनवाने में किस एजेंट की भूमिका रही।

पुलिस का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

You may have missed