सोशल मीडिया पर हथियार की फोटो डालना पड़ा भारी, इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार

100415529

बीकानेर। Rkhabar

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो साझा करना अब युवाओं के लिए भारी पड़ सकता है। बीकानेर पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पांचू थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान 19 वर्षीय रौनक विश्नोई, निवासी कुदसू के रूप में हुई है। युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिस्टल के साथ फोटो अपलोड की थी, जो पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सामने आई।

पुलिस टीम ने युवक को दस्तयाब कर पूछताछ की। हथियार और फोटो के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही उसके सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित फोटो भी हटवा दी गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपराधिक या हथियारों का प्रदर्शन करने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील

बीकानेर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट करने से बचें। इस प्रकार की पोस्ट कानूनन कार्रवाई का कारण बन सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन या आपराधिक छवि बनाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You may have missed