खाजूवाला-रावला रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

खाजूवाला, खाजूवाला-रावला रोड पर गुरुद्वारे के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 3KYD निवासी मुलाराम नायक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुलाराम अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी एक ट्रेलर की चपेट में आने से यह हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही खाजूवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रेलर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।