राजस्थान में आज भारी बारिश का अलर्ट, बीकानेर में भी येलो अलर्ट; 27 जुलाई तक मानसून रहेगा पूरी तरह सक्रिय

बीकानेर | Rkhabar
राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर में रेड अलर्ट, 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट तथा बीकानेर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 27 जुलाई तक प्रदेशभर में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
कई जिलों में सुबह से बारिश
शुक्रवार सुबह से अलवर, राजसमंद, उदयपुर, भीलवाड़ा समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लगातार हो रही बरसात के कारण कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित होने लगा है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं।
गुरुवार को कई जिलों में हुई भारी बारिश
गुरुवार को बाड़मेर, जालौर, सिरोही, उदयपुर, जैसलमेर, पाली और भीलवाड़ा सहित अनेक जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आकाशीय बिजली गिरने से नाना और उनकी दोहिती की दर्दनाक मौत हो गई।
उधर, उदयपुर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में 24 घंटे के दौरान 11 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए।
खेतों में भरा पानी, नदियां उफान पर
भारी बारिश के चलते हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, ब्यावर, भीलवाड़ा और उदयपुर सहित कई जिलों में खेतों में पानी भर गया है। डूंगरपुर की सोम और माही नदियां उफान पर हैं। कई स्थानों पर बरसाती नदियां बहने और पुलियाओं को नुकसान पहुंचने से गांवों और कस्बों का संपर्क टूट गया है।
रेलवे यातायात भी प्रभावित
महाराष्ट्र और गुजरात में हो रही लगातार भारी बारिश का असर राजस्थान के रेल संचालन पर भी पड़ा है। मुंबई रूट की तीन ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीन मौसम सिस्टम एक साथ सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार वर्तमान में राजस्थान के ऊपर तीन अलग-अलग मौसम तंत्र सक्रिय हैं। दक्षिणी राजस्थान के ऊपर एक शियर जोन (डायवर्जन क्षेत्र) बना हुआ है, जहां पश्चिमी और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं का मिलन हो रहा है। इसी कारण पूरे प्रदेश में अगले चार दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने और अच्छी बारिश होने की संभावना है।
बीकानेर में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बीकानेर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। किसानों और आमजन से भी मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने का आग्रह किया गया है।