बैंक खाते किराए पर लेकर लाखों की साइबर ठगी, ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’ में आरोपी गिरफ्तार

100411595

चूरू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 बैंक खाते खरीदकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने का खुलासा

चूरू | RKhabar

चूरू साइबर थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक खाते किराए पर देकर साइबर ठगी को अंजाम दिलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खातों के जरिए 9.60 लाख रुपये के अवैध लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार एवं दिनेश कुमार के सुपरविजन तथा डिप्टी विजय कुमार मीणा व साइबर थाना प्रभारी कमल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने समीर खान उर्फ चीकू निवासी नया बास, चूरू को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चूरू और सरदारशहर क्षेत्र से करीब 40 बैंक खाते खरीदकर साइबर ठगों को उपलब्ध करवाए, जिनका उपयोग ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन में किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी श्रीजय नाई को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। साइबर थाने के हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार द्वारा म्यूल अकाउंट्स की जांच के दौरान सामने आया कि समीर खान और श्रीजय नाई ने मिलकर श्रीजय के बैंक खातों के माध्यम से 9.60 लाख रुपये की साइबर ठगी की रकम का अवैध लेन-देन किया।

इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए समीर खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और साइबर ठगी के नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है।

You may have missed