होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, नोखा निवासी युवक पर मामला दर्ज

बीकानेर। नोखा थाना पुलिस ने बारां जिले की एक युवती की शिकायत के आधार पर नोखा निवासी एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म, बंधक बनाने, ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत पहले पुलिस अधीक्षक, बारां को दी गई थी, जिसके बाद जीरो नंबर एफआईआर नोखा थाने भेजी गई और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह मजदूरी कर अपना गुजारा करती है। आरोप है कि करीब दो-तीन महीने पहले आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उससे संपर्क किया और बातचीत बढ़ाने के बाद सोशल मीडिया से उसकी तस्वीरें लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक फोटो तैयार कर दिए। इसके बाद उन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसे नोखा बुलाया गया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने कोटा से नोखा तक की बस टिकट भी भेजी, जिससे भय के चलते वह 15 मई को नोखा पहुंच गई।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि नोखा पहुंचने के बाद आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहां कई दिनों तक कथित रूप से बंधक बनाकर रखा, शराब पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसका मोबाइल फोन, आधार कार्ड और 5 हजार रुपये भी अपने कब्जे में ले लिए।
शिकायत के अनुसार, मौका मिलने पर पीड़िता ने आरोपी के मोबाइल से अपने एक परिचित को फोन कर घटना की जानकारी दी और वहां से निकलकर पहले कोटा तथा बाद में बारां पहुंची। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार फोन कर उसे जान से मारने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता का यह भी कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत देने के बावजूद पहले उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, बारां के हस्तक्षेप पर मामला नोखा थाना भेजा गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।