राजस्थान में मानसून पड़ा धीमा, आज 15 जिलों में हल्की बारिश के आसार

1004045646

जयपुर | Rkhabar

राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राज्य के 15 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सैटेलाइट तस्वीरों में भी प्रदेश के ऊपर मानसूनी बादलों की सक्रियता कम दिखाई दे रही है।

बीते 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश चूरू जिले के सादुलपुर में 55 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 28 मिमी, झुंझुनूं में 18 मिमी तथा हनुमानगढ़ के कुछ क्षेत्रों में 3 से 38 मिमी तक वर्षा हुई। अलवर और खैरथल-तिजारा में केवल 1-1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने से प्रदेश में गर्मी और उमस फिर बढ़ने लगी है। शनिवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फलोदी में 40.6 डिग्री और जैसलमेर में 40 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं बीकानेर, बाड़मेर और जोधपुर में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला। दूसरी ओर माउंट आबू सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई तक प्रदेश में किसी बड़े बारिश सिस्टम की संभावना नहीं है। हालांकि रविवार को झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जालोर, सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

You may have missed