दर्दनाक हादसा: चारा काटने की मशीन में साड़ी फंसने से महिला की मौत

post 158 (1)

भरतपुर। जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के नगला नन्दराम गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चारा काटने वाली मशीन की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गंभीर हालत में महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पति वासुदेव ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे घर पर पशुओं के लिए चारा काटा जा रहा था। चारा काटने का काम पूरा होने के बाद मशीन बंद की जा रही थी। इसी दौरान महिला राजेश देवी की साड़ी मशीन के घूमने वाले हिस्से (क्रैंक) में फंस गई। कुछ ही क्षणों में साड़ी मशीन में लिपटती चली गई और महिला भी उसकी चपेट में आ गई।

बताया जा रहा है कि मशीन पर अचानक अधिक दबाव पड़ने से इंजन बंद हो गया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।