Rajasthan Crime: चलती कार में 20 हजार की घूस लेते पटवारी को ACB ने दबोचा, रिश्वत की रकम डैशबोर्ड से बरामद

भीलवाड़ा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। टोंक एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई ऊंचा पंचायत क्षेत्र में की। आरोपी पर जमीन की डिक्री से जुड़े कार्य के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार, परिवादी ने टोंक एसीबी कार्यालय में शिकायत दी थी कि न्यायालय के आदेश के अनुसार उसके पिता के नाम जमीन की डिक्री दर्ज करने के लिए संबंधित पटवारी भंवर सिंह 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
मंगलवार दोपहर एसीबी टीम ने पटवारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पटवारी ने परिवादी को बीच रास्ते बुलाया और अपनी कार में बैठाकर ले गया। इसी दौरान उसने परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत राशि ली और उसे कार के डैशबोर्ड में रख दिया। पूर्व निर्धारित संकेत मिलते ही एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली और रिश्वत की राशि बरामद करते हुए पटवारी को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए। एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
एसीबी की कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। जांच के दौरान रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी। गिरफ्तार पटवारी भंवर सिंह मूल रूप से सीकर जिले के लोसल थाना क्षेत्र के गांव गुनाठू का रहने वाला बताया जा रहा है। एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।