Road Accident: चलते ट्रक का टायर निकला, रेलिंग से टकराई कार; 1 की मौत, 3 घायल

कोटा। नेशनल हाईवे-27 पर सिमलिया थाना क्षेत्र के पोलाई कला के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगे चल रहे ट्रक का टायर अचानक निकलकर पीछे आ रही कार से टकरा गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा भिड़ी।
पुलिस के अनुसार कार गुजरात के मेहसाणा से उत्तर प्रदेश के जालौन जा रही थी। वाहन में पिता-पुत्र सहित परिवार के चार सदस्य सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक का टायर अचानक सड़क पर निकल आया और पीछे चल रही कार उससे टकरा गई। टक्कर के बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन काफी दूर तक घिसटते हुए सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गया।
हादसा इतना भीषण था कि कार में आगे बैठे 45 वर्षीय पप्पू पुत्र हरचरण कुशवाह, निवासी जालौन (उत्तर प्रदेश), की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे उनके बेटे मनीष कुशवाह समेत दो महिलाओं को चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और आसपास की फैक्ट्री के कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर सिमलिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
एम्बुलेंस कर्मियों के अनुसार दुर्घटना बेहद भयावह थी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।