बीकानेर: दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, मासूम बेटी समेत घर से निकाला, मामला दर्ज

post 74

बीकानेर: दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, मासूम बेटी समेत घर से निकाला, मामला दर्ज

बीकानेर: जिले में दहेज प्रताड़ना के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी कड़ी में श्रीडूंगरगढ़ थाने में एक और महिला ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। धीरदेसर पुरोहितान निवासी कालूराम जाट की पुत्री सुनीता ने अपने पति, ससुर, सास और ननद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता के अनुसार उसका विवाह वर्ष 2018 में लोडसर (सरदारशहर) निवासी महेंद्र जाट से हुआ था। उम्र कम होने के कारण उसका गौना वर्ष 2021 में किया गया। विवाह के दौरान उसके माता-पिता द्वारा ₹2,21,000 नकद, बाटका, घरेलू दहेज सामग्री तथा सोने-चांदी के आभूषण दिए गए थे।

सुनीता का आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही उसे कम दहेज लाने का ताना दिया जाने लगा और मोटरसाइकिल व ₹5 लाख नकद की मांग की गई। विरोध करने पर उसे मारपीट कर प्रताड़ित किया गया। वर्ष 2022 में पुत्री के जन्म के बाद भी आरोपियों ने बेटे की मांग को लेकर उसे ताने मारते हुए मानसिक उत्पीड़न किया।

पीड़िता ने बताया कि 7 दिसंबर 2025 को ससुराल पक्ष ने उसे उसकी मासूम बेटी सहित घर से धक्के मारकर बाहर निकाल दिया। बाद में जब उसके पिता, चाचा और अन्य परिजन समझाइश के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौच कर भगा दिया गया। आरोप है कि 9 दिसंबर 2025 को पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके पीहर पहुंचे और दहेज की मांग दोहराते हुए जान से मारने की धमकी दी।

श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंपी है।