दर्दनाक हादसा: खेत में काम कर रहे दो युवक 11 KV लाइन की चपेट में आए, दोनों की मौत

डीडवाना-कुचामन। जिले के लाडनू उपखंड क्षेत्र के ग्राम हुडास से जुड़े मूंदड़ा गांव में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में दो युवकों की करंट लगने से मौत हो गई। कृषि कार्य के दौरान 11 केवी विद्युत लाइन टूटकर खेत में गिर गई, जिससे गीली मिट्टी में करंट फैल गया और दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए।
पुलिस के अनुसार, हुडास निवासी 33 वर्षीय मांगीलाल छीपा पुत्र खाजू मोहम्मद और मूंदड़ा निवासी 28 वर्षीय गजेंद्र सिंह राजपूत पुत्र नानूसिंह सोमवार सुबह करीब 8:57 बजे सायरसिंह राजपूत के खेत में फव्वारे की पाइप बदलने और बुवाई संबंधी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत के पास से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन अचानक टूटकर नीचे गिर गई।
गीली मिट्टी में करंट फैलने से दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना आकस्मिक और भयावह था कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान खेत की परिस्थितियों, विद्युत लाइन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है।
मृतकों के परिजनों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि खेतों के पास से गुजर रही विद्युत लाइन की जर्जर स्थिति को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी और तारों की ऊंचाई बढ़ाने व मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
मृतक गजेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी दुर्गा कंवर, दो बेटियों और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। वहीं मांगीलाल छीपा खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पांच भाइयों में सबसे बड़े मांगीलाल पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनके परिवार में वृद्ध मां, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।