बीकानेर: कुण्ड में डूबने से 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पुलिस जांच में जुटी

post 821 (1)

बीकानेर जिले के कालू कस्बे में एक 62 वर्षीय व्यक्ति की घर में बने पानी के कुण्ड में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोद सिंघी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

कालू थाना प्रभारी भजनलाल ने बताया कि विनोद सिंघी अपनी पत्नी के साथ घर में रहते थे। शनिवार रात किसी समय वह घर में बने पानी के कुण्ड में गिर गए।

रविवार सुबह जब उनकी पत्नी की नींद खुली तो विनोद बिस्तर पर नहीं मिले। काफी तलाश करने के बाद उन्होंने घर के कुण्ड में उनका शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुण्ड से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।