तालाब में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत, बकरियां चराने गई थीं

डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मांडवा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चियां बकरियां चराने घर से निकली थीं। तेज गर्मी से राहत पाने के लिए वे तालाब में नहाने उतरीं, लेकिन गहरे पानी में डूब गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
कोतवाली थाना के एएसआई दिलीप सिंह ने बताया कि मांडवा स्थित काली बाई पैनोरमा के सामने बने तालाब पर यह हादसा हुआ। मांडवा निवासी उषा (12), पुत्री कोटेड, जो आठवीं कक्षा की छात्रा थी, और उसकी चचेरी बहन नयना (12), पुत्री दशरथ कोटेड, जो सातवीं कक्षा में पढ़ती थी, रविवार को बकरियां चराने तालाब के पास गई थीं।
दोपहर में तेज गर्मी के कारण उन्होंने तालाब के एक गड्ढे में भरे पानी में नहाने का निर्णय लिया। नहाते समय दोनों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
मौके पर मौजूद एक युवक ने बच्चियों को डूबते देखा और तुरंत उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गया। उसने दोनों को बाहर निकाला और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने तालाबों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।