Road Accident: ट्रेलर और कार की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत; सात वर्षीय बच्ची गंभीर घायल

Road Accident: जोधपुर, ग्रामीण क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बोरूंदा से करीब तीन किलोमीटर दूर एचपी पेट्रोल पंप के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक कार बोरूंदा की ओर आ रही थी, जबकि ट्रेलर बोरूंदा से मेड़ता की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कार सवार एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब साढ़े सात वर्ष की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल बच्ची को तुरंत बोरूंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल हरियाणा के रोहतक निवासी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
नोट: खबर अपडेट की जा रही है।