बीकानेर: मारपीट में घायल युवक ने उपचार के दौरान तोडा दम; जानें पूरा मामला

post 738 (1)

बीकानेर। जसरासर थाना क्षेत्र में युवती से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक की कथित मारपीट के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक पिछले कई दिनों से गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती था और बुधवार को जोधपुर एम्स में उसने अंतिम सांस ली। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, युवक जसरासर क्षेत्र के एक गांव में युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे जोधपुर एम्स रेफर कर दिया गया।

एम्स में कई दिनों तक उपचार के दौरान युवक जिंदगी और मौत से जूझता रहा, लेकिन बुधवार को उसकी मौत हो गई। जसरासर थानाधिकारी आलोक सिंह ने युवक की मृत्यु की पुष्टि की है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया था। अब युवक की मौत के बाद प्रकरण में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इसी मामले में युवती की ओर से मृतक युवक के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने का मामला भी दर्ज कराया गया था। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।