Road Accident: सवारियों से भरी लग्जरी बस आगे चल रहे ट्रक में घुसी, 7 लोगों की मौत

डूंगरपुर। गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा वडोदरा-हालोल मार्ग पर कोटंबी गांव के निकट उस समय हुआ, जब एक लग्जरी बस आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस बांसवाड़ा, परतापुर और सागवाड़ा से सूरत जा रही थी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश राजस्थान के डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह कोटंबी गांव के पास पहुंचने पर बस अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। शुरुआती राहत कार्य के बाद घायलों को वडोदरा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पहले पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि उपचार के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई।
अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों से संपर्क किया जा रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों की पहचान डूंगरपुर जिले के पिंकी भाटिया (पड़वा, सागवाड़ा), महेंद्र कुमार पंड्या (घम्बोला), विनोद डामोर (पड़वा, सागवाड़ा), मुकेश डिंडोर (राजवाड़ा, गलियाकोट) और प्रीत भाटिया (सागवाड़ा) के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।