कम ब्याज दर पर हाउसिंग लोन दिलाने का झांसा देकर युवक से लाखों की ठगी; मामला दर्ज

जसरासर। जसरासर थाना क्षेत्र में हाउसिंग लोन कम ब्याज दर पर दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुन्दड़ निवासी हरीराम जाट ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि जयपुर निवासी आर्यन शर्मा का उनके घर आना-जाना था और वह बैंक लोन से संबंधित कार्य करता था।
आरोप है कि आर्यन शर्मा ने पहले से चल रहे होम लोन का कम राशि में सेटलमेंट करवाने और अधिक राशि का नया लोन स्वीकृत करवाने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों पर विश्वास कर हरीराम ने 16 अप्रैल 2025 को उसे 90 हजार रुपये नकद दिए। इसके अलावा आरटीजीएस और फोन-पे के माध्यम से आरोपी के खाते में कुल 7.45 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
पीड़ित का आरोप है कि यह राशि होम लोन खाते में जमा नहीं करवाई गई। बार-बार पूछने पर आरोपी करीब एक साल तक टालमटोल करता रहा। शिकायतकर्ता के अनुसार 31 मई को फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सेवाराम को सौंपी गई है।