राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 470 किलो डोडा चुरा और फर्जी नंबर प्लेट बरामद, तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 470 किलो डोडा चुरा और फर्जी नंबर प्लेट बरामद, तस्कर गिरफ्तार
झालावाड़: जिले के असनावर थाना पुलिस ने एक पिकअप वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध मादक पदार्थ तस्करी कर रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शातिर तरीके से गेहूं से भरे कट्टो के बीच पॉलिथीन के करीब 26 बैग में 470 किलो अफीम डोडा चूरा भर कर तस्करी कर रहा था। पुलिस ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपए है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, वहीं पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन किया गया है। सोमवार को जिला स्पेशल टीम को मिले इनपुट के बाद असनावर थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान अकलेरा की ओर से आने वाले पिकअप वाहन को रोका गया और तलाशी लेने पर गेहूं के कट्टों के बीच 26 पॉलिथीन के कट्टों में लगभग 470 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके अलावा वाहन में कई फर्जी नंबर प्लेट भी मिले, जिससे पुलिस को शक हुआ कि आरोपी ने नंबर प्लेट बदलकर चकमा देने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी तस्कर, भोपालगढ़ जोधपुर निवासी प्रदीप कुमार सिंह को मौके से गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।