बीकानेर: लूडो में जीती हुई रकम मांगने पर युवक से मारपीट, मामला दर्ज

post 709 (1)

बीकानेर। बीकानेर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में लूडो खेल में जीती गई रकम मांगने पर युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिवादी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वाल्मीकि बस्ती, शिवबाड़ी निवासी बिशनलाल वाल्मीकि ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र कुनाल मजदूरी करता है। 12 जून को वह काम की तलाश में मूर्ति सर्किल गया था।

रिपोर्ट में बताया गया है कि काम मिलने का इंतजार करते समय कुनाल और वीराराम वाल्मीकि के बीच लूडो खेला गया, जिसमें कुनाल ने करीब 400 रुपये जीते। आरोप है कि जीत की राशि मांगने पर वीराराम ने पैसे देने से इनकार कर दिया और विवाद शुरू हो गया।

परिवादी के अनुसार, इसी दौरान वीराराम का भांजा भी मौके पर पहुंच गया। दोनों ने मिलकर कुनाल के साथ मारपीट की, जिससे उसके मुंह पर चोटें आईं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच एएसआई सुरेंद्र मीणा को सौंपी गई है।