राजस्थान: अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने 700 किमी पीछा कर किया पर्दाफाश, पलक झपकते ही उड़ा लेते यात्रियों के बैग

post 60

राजस्थान: अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने 700 किमी पीछा कर किया पर्दाफाश, पलक झपकते ही उड़ा लेते यात्रियों के बैग

Rajasthan News: अजमेर, सफर के दौरान बस और ट्रेन में यात्रियों के बैग-सूटकेस से कीमती सामान चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सिविल लाइंस थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने करीब 700 किलोमीटर तक तकनीकी और मुखबिर तंत्र के जरिए पीछा कर गिरोह के 6 शातिर बदमाशों को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। गिरोह राजस्थान सहित कई राज्यों में सक्रिय था।

मामला ऐसे आया सामने:-

11 अक्टूबर 2025 को पाली-सोजत सिटी निवासी छोगाराम देवासी ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ हैदराबाद से ट्रेन द्वारा अजमेर पहुंचे और वहां से गुजरात रोडवेज बस से चंडावल (पाली) गए। घर पहुंचने पर बैग की जांच करने पर उसमें रखे करीब 30-32 तोला सोने और 100-150 ग्राम चांदी के आभूषण गायब मिले। जांच में सामने आया कि बस यात्रा के दौरान अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

इस तरह देते थे वारदात को अंजाम:-

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह 6-7 सदस्यों के समूह में काम करता था। सदस्य पहले से योजना बनाकर बसों और ट्रेनों में सवार होते, यात्रियों से घुल-मिलकर आसपास की सीटों पर बैठ जाते। एक सदस्य चोरी करता, जबकि अन्य साथी यात्रियों का ध्यान भटकाते थे। गिरोह खासतौर पर रात के समय सो रहे यात्रियों को निशाना बनाता था।

सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले:-

आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीकी सहायता से अजमेर शहर में 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पाली, ब्यावर, जयपुर, कोटपुतली, नागौर सहित कई जिलों और दिल्ली, लखनऊ, बुलंदशहर व मेरठ में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। डिटेन किए गए आरोपियों से मनोवैज्ञानिक पूछताछ में उन्होंने राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित कई शहरों में इसी तरह की चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार:-

पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि एएसपी (सिटी) हिमांशु जांगिड और वृत्ताधिकारी शिवम जोशी के निर्देशन में सिविल लाइंस थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मेरठ, बुलंदशहर और उधमसिंह नगर से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य राज्यों में की गई वारदातों और चोरी गए माल की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

इनकी रही अहम भूमिका:-

इस कार्रवाई में थानाप्रभारी शंभूसिंह, एएसआई चांदसिंह, साइबर सेल के हैड कांस्टेबल आशीष गहलोत और देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल अभय सिंह, कमलेश सिंह, समित, शौदान तथा रिजर्व पुलिस लाइन के कांस्टेबल अजय कुमार की विशेष भूमिका रही।