बीकानेर: नहर में डूबे दूसरे युवक का भी शव बरामद, राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी

बीकानेर। महाजन क्षेत्र में कंवरसेन वितरिका नहर में डूबे दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बुधवार को दिनभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद दूसरे युवक का शव भी बरामद होने पर सर्च ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार महाजन निवासी दिनेश मेघवाल पुत्र सुरजाराम मेघवाल और जगदीश मेघवाल मंगलवार दोपहर नहाने के लिए कंवरसेन वितरिका नहर में उतरे थे। इसी दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव के कारण डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा तलाशी अभियान शुरू किया गया। मंगलवार देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन में दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बुधवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया।
खोज अभियान के दौरान सबसे पहले दिनेश मेघवाल का शव नहर से बरामद किया गया। वहीं देर शाम दूसरे युवक जगदीश मेघवाल का शव महाजन से निकलने वाली इंदिरा गांधी नहर में मिला। दोनों शव मिलने के बाद एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन का सर्च ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया।