Rajasthan: 12वीं के छात्र ने गंडासे से की पिता की हत्या, मामा को फोन कर बोला- ‘पापा को बचा लो’

post 634 (1)

Rajasthan: अलवर, अरावली विहार थाना क्षेत्र के रामकृपाल नगर में मंगलवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने पिता रोहिताश (40) की धारदार गंडासे से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने सो रहे पिता के गले, कंधे और हाथ पर कई वार किए। वारदात के बाद उसने अपने मामा को फोन कर कहा, “मामा, पापा को बचा लो” और फिर कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे बहरोड़ रोड क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार घटना के समय पिता और पुत्र किराए के कमरे में अकेले मौजूद थे। मृतक की पत्नी के पीहर में 7 जून को शादी थी। वह अपने 17 व 15 साल के बेटों के साथ 6 जून को पीहर गई थी।

हत्या के बाद मामा को दी सूचना:-

छात्र के मामा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 9 जून की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच भांजे का फोन आया था। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो रोहिताश खून से लथपथ हालत में बेड पर पड़े मिले। कमरे में खून बिखरा हुआ था और पास ही खून से सना गंडासा पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. केके मीणा ने बताया कि गले पर धारदार हथियार से गंभीर वार के निशान मिले हैं। विसरा जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है।

पूछताछ में रो पड़ा आरोपी:-

पुलिस पूछताछ के दौरान जब आरोपी छात्र को उसके पिता की तस्वीर दिखाई गई तो वह भावुक होकर रो पड़ा। उसने बताया कि रात में वह टॉयलेट के लिए उठा था। इसी दौरान उसकी नजर लकड़ी काटने वाले गंडासे पर पड़ी। इसके बाद उसने अचानक पिता पर हमला कर दिया। आरोपी बार-बार यही कहता रहा कि उसे समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।

ई-रिक्शा चलाता था मृतक:-

स्थानीय लोगों के अनुसार रोहिताश ई-रिक्शा चलाता था। वह शराब पीने का आदी था, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी उसने शराब पी थी और भोजन करने के बाद सो गया था।

पड़ोसियों को नहीं लगी भनक:-

पड़ोसियों ने बताया कि वारदात के दौरान किसी प्रकार की चीख-पुकार सुनाई नहीं दी। एक पड़ोसी ने बताया कि आरोपी रात में जल्दी-जल्दी कमरे से बाहर निकला था, लेकिन उस समय किसी को संदेह नहीं हुआ। बाद में पुलिस के पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।