Rajasthan: ACB की बड़ी कार्रवाई, 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

Rajasthan: जालोर, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सायला तहसील की एलआर शाखा में कार्यरत पटवारी बंटी मीना को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी के पास वर्तमान में पटवार हल्का सांगाणा का भी अतिरिक्त चार्ज था। आरोप है कि पटवारी ने कृषि भूमि के नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया पूरी करने के बदले परिवादी से रिश्वत की मांग की थी।
हेल्पलाइन 1064 पर की गई थी शिकायत:-
एसीबी अधिकारियों के अनुसार परिवादी ने जयपुर स्थित एसीबी की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पटवारी बंटी मीना नामांतरण दर्ज करने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था और लगातार परेशान कर रहा था।
सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि:-
शिकायत मिलने के बाद जोधपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरवीजन में एसीबी चौकी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। एसीबी टीम ने जब गोपनीय तरीके से शिकायत का सत्यापन करवायातो रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी पहले ही परिवादी से 2 हजार रुपए ले चुका था।
4 हजार रुपए लेते हुए दबोचा:-
सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने सायला में ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार जैसे ही परिवादी ने आरोपी को 4 हजार रुपए की रिश्वत राशि दी, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
ठिकानों पर जांच जारी:-
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीमें आरोपी पटवारी के विभिन्न ठिकानों और आवास पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, जहां चल-अचल संपत्ति और अन्य संदिग्ध दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।