बीकानेर: सड़क पर पशु आने से अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, बिजली कर्मी की मौत

post 628 (1)

बीकानेर। श्रीकोलायत, राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर लक्ष्मण झूला के पास बुधवार को एक सड़क हादसे में बिजली ठेकेदार के एक कर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर गुड़ा फांटा के निकट लक्ष्मण झूला क्षेत्र से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर पशु आ जाने से चालक को जोरदार ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में ट्रैक्टर में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घायल को तत्काल श्रीकोलायत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर श्रीकोलायत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

एएसआई लखपत सिंह ने बताया कि मृतक बिजली ठेकेदार के अधीन कार्यरत था। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।