रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली आरएसी जवान की जान, बहन-भांजी गंभीर घायल

रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली आरएसी जवान की जान, बहन-भांजी गंभीर घायल
दौसा। मंडावर थाना क्षेत्र के केसरी का बास गांव के पास रविवार शाम सड़क हादसे में आरएसी के एक जवान की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन और एक वर्षीय भांजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब रेत से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर गायब हो गया। थानाधिकारी प्रवीण मीणा ने बताया कि लाडनपुर निवासी कल्ला गुर्जर (30) पुत्र विजय सिंह बैंसला आरएसी की सेकेंड एफ बटालियन, कोटा में कांस्टेबल पद पर तैनात थे। रविवार शाम वह अपनी बहन रविता गुर्जर और एक वर्षीय भांजी के साथ महवा से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान केसरी का बास के निकट सामने से आ रही रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर रसीदपुर चौकी प्रभारी जगदीश प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को महवा जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कल्ला गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत होने पर महिला और बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया।ट्रॉली में अवैध रूप से रेत भरी हुई थी, जिसे पास के एक ईंट-भट्ठे पर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।