Crime News: पंचर के पैसों को लेकर विवाद, ट्रैक्टर से कुचलकर दुकानदार की हत्या

post 575 (1)

श्रीगंगानगर। रायसिंहनगर में पदमपुर रोड पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां महज पंचर के पैसों के मामूली विवाद में एक ट्रैक्टर चालक ने टायर दुकान संचालक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बलजीत सिंह के रूप में हुई है, जो शहीद भगत सिंह महाविद्यालय के पास पंचर की दुकान संचालित करते थे।

जानकारी के अनुसार पंजाब से अनूपगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्राला 22 पीएस के पास पंचर ठीक कराने के लिए बलजीत सिंह की दुकान पर रुका था। पंचर ठीक होने के बाद भुगतान को लेकर चालक और दुकान संचालक के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर चालक ने गुस्से में ट्रैक्टर सीधे दुकान मालिक बलजीत सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर से कुचले जाने के कारण बलजीत सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।।

घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राले में सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन में आई और आरोपियों का पीछा करना शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टोल नाके के पास घेराबंदी की और मुख्य आरोपी चालक को ट्रैक्टर-ट्राले समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग और मृतक के परिजन थाने पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, परिजनों ने आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर शव का पोस्टमॉर्टम करवाने से साफ इनकार कर दिया है। पुलिस प्रशासन स्थिति को संभालने और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है।

You may have missed