दर्दनाक हादसा: खेत में गिरा बिजली का तार बना काल, किसान को बचाने दौड़ी पत्नी भी करंट की चपेट में आई; दोनों की मौत

post 574 (1)

टोंक। जिले के निवाई उपखंड क्षेत्र के डांगरथल गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। उसे बचाने के लिए पहुंची पत्नी भी बिजली के करंट की चपेट में आ गई, जिससे दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार डांगरथल निवासी 55 वर्षीय नानगराम शर्मा सुबह अपने खेत में चारा काटने गए थे। इसी दौरान खेत में टूटा हुआ बिजली का तार जमीन पर पड़ा था, जिसमें विद्युत प्रवाह जारी था। घास और फसल के बीच पड़ा यह तार उन्हें दिखाई नहीं दिया। जैसे ही उनका पैर तार पर पड़ा, वे तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े।

पति को तड़पता देख उनकी पत्नी 50 वर्षीय रामरक्खी शर्मा उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गई। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन खेत पहुंचे, जहां पति-पत्नी के शव पड़े देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना पर थानाधिकारी घासीराम मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले विद्युत लाइन का शटडाउन करवाया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक दंपति के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। एक ही हादसे में माता-पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।