घरेलू एलपीजी सिलेंडर फिर हुआ महंगा, 29 रुपये बढ़े दाम; आज से लागू नई कीमतें

post 569 (1)

नई दिल्ली। देशभर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। तेल विपणन कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की वृद्धि की है। नई दरें रविवार, 7 जून से प्रभावी हो गई हैं।

ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलेंडर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

बताया जा रहा है कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती लागत और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते ईंधन कंपनियों पर दबाव बढ़ा है, जिसके चलते कीमतों में संशोधन किया गया है।

इस बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें घरेलू उत्पादन बढ़ाना और आयात सुनिश्चित करना शामिल है।

उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी पर लागत और बिक्री मूल्य के बीच का अंतर (अंडर-रिकवरी) अभी भी लगभग 700 रुपये प्रति सिलेंडर के आसपास बना हुआ है।

मंत्रालय के अनुसार हाल के समय में एलपीजी की मांग में आई कमी के पीछे कमर्शियल और औद्योगिक खपत में गिरावट, बुकिंग चक्र में सुधार तथा तकनीक आधारित डिलीवरी सत्यापन प्रणाली जैसे कारण प्रमुख हैं।