बीकानेर: अनियंत्रित होकर पलटी कार, एक ही परिवार के 6 लोग घायल

post 562 (1)

बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 स्थित दरबारी फांटा के पास शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। तेज गति से जा रही एक बलेनो कार का अचानक टायर फटने से चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।

हादसे में कार में सवार एक पुरुष, दो बच्चे और तीन महिलाएं घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर टोल एम्बुलेंस की सहायता से प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल बीकानेर भिजवाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। हालांकि उनकी पहचान और वे कहां से आ रहे थे तथा किस स्थान की ओर जा रहे थे, इसकी जानकारी समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ सकी थी।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।