राजस्थान: मासूम बेटी की हत्या करके मां ने की आत्महत्या, आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोग, तीन साल पहले हुई थी शादी

post 561

बाड़मेर। जिले के चौहटन थाना क्षेत्र में मां-बेटी की मौत के मामले में शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। शव घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

मां ने बेटी को पानी के टांके में डाला, फिर खुद लगाई छलांग:-

जानकारी के अनुसार चौहटन थाना क्षेत्र के बूठ राठौड़ान गांव की सरहद में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 23 वर्षीय धूड़ी देवी पत्नी तेजाराम ने अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी प्रिया को घर के पास बने पानी के टांके में डाल दिया। इसके बाद उसने खुद भी टांके में छलांग लगा दी। पानी में डूबने से मां-बेटी दोनों की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला अपनी बेटी के साथ घर पर अकेली थी। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौहटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

तीन साल पहले हुई थी शादी:-

वृत्ताधिकारी जेठाराम जयपाल ने बताया कि शुक्रवार को दोनों शवों को चौहटन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था। शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धूड़ी देवी की शादी करीब तीन वर्ष पहले तेजाराम के साथ हुई थी और वह शादी के बाद से ससुराल में रह रही थी। हालांकि महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

इस मामले में नेताराम पुत्र केसराराम भील निवासी कापराऊ ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मां-बेटी की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।