पारिवारिक कलह से परेशान बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान; पुलिस जांच में जुटी

post 546 (1)

अलवर। शहर में शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 9 बजे दाऊदपुर रेलवे फाटक के पास हुई, जहां रोजाना की तरह लोगों की आवाजाही बनी हुई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बुजुर्ग रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहे थे। जैसे ही भुज से दिल्ली जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन वहां से गुजरी, वह अचानक तेजी से पटरी पर आए और ट्रेन के आगे लेट गए। घटना इतनी अचानक हुई कि लोको पायलट को ट्रेन रोकने का मौका तक नहीं मिला। ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे सुरक्षा बल के टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर तुरंत जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक की जेब और आस-पास तलाशी ली, जिससे उनकी पहचान हो सकी। इसके बाद तुरंत उनके परिवार को इस दुर्घटना की सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 55 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा निवासी ओमकार कॉलोनी, एनईबी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। वे ट्रांसपोर्ट नगर में किराना दुकान संचालित करते थे। उनके दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र एक निजी बैंक में मैनेजर है, जबकि छोटा पुत्र दिल्ली स्थित एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस और आरपीएफ मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक या घरेलू तनाव से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

You may have missed