Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की ठंड का कहर, दो जिलों में तापमान माइनस में पहुंचा, 17 जिलों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट

post 47

Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की ठंड का कहर, दो जिलों में तापमान माइनस में पहुंचा, 17 जिलों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट

Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की ठंड का कहर लगातार जारी है। रविवार सुबह सर्दी का असर इतना तीखा रहा कि लोग कंपकंपी महसूस करते नजर आए। प्रदेश के दो जिलों में तापमान शून्य से नीचे चला गया। सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नागौर में पारा माइनस एक डिग्री तक पहुंच गया। वहीं जैसलमेर जिले के रामगढ़ और चांधन क्षेत्र में सुबह के समय बर्फ जमी दिखाई दी। मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इस सीजन में पहली बार सीकर जिले के फतेहपुर में तापमान माइनस 3.4 डिग्री दर्ज किया गया है। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र के अनुसार अत्यधिक ठंड के कारण खुले स्थानों और वाहनों पर बर्फ की परत जम गई। नागौर में भी न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया, जिससे शीतलहर का असर और तेज हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत की कोई संभावना नहीं है।

रामगढ़ और चांधन में जमी बर्फ:-

जैसलमेर जिले के रामगढ़ और चांधन क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। रविवार सुबह मोटरसाइकिलों की सीटों, कारों की छतों और शीशों पर बर्फ की परत जमी नजर आई। खुले मैदानों में भी बर्फ की चादर दिखाई दी। कड़ाके की ठंड के चलते रात के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग अलाव और हीटर का सहारा लेते दिखे।

दिनभर तेज सर्द हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। ऊनी कपड़ों के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार इस बार दिसंबर-जनवरी की तुलना में ठंड का असर अधिक तीव्र महसूस किया जा रहा है।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान की स्थिति:-

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटों में फतेहपुर में माइनस 2 डिग्री, नागौर में माइनस एक, पिलानी में 1.2, सीकर में 1.7, झुंझुनूं और लूणकरनसर में 1.9, चूरू में 2, माउंट आबू में 2.5, बीकानेर में 2.8, जैसलमेर में 3.1, श्रीगंगानगर में 3.6, दौसा में 3.7, करौली में 3.8, अलवर में 4 और बाड़मेर में 4.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट:-

मौसम विभाग ने अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, जयपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आगामी दो दिन का पूर्वानुमान:-

  • 12 जनवरी: मौसम विभाग ने सोमवार को अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, टोंक, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में अति शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
  • 13 जनवरी: मौसम विभाग ने मंगलवार को अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ जिले में शीतलहर और घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

दो-तीन दिन और बढ़ेगी सर्दी:-

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो से तीन दिन तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की संभावना है। शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग में शीतलहर का असर सबसे अधिक रहने की आशंका जताई गई है।